फोटो:55
पोल में करंट उतरने पर दो पशु मरे, लोगों ने किया रोड जाम
दहगवा। पोल में अचानक उतरे करंट से दो पशुओं की मौत हो गई। इससे गुस्साए लोगों ने रोड पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे जेई को घेरकर हंगामा किया।
संभल के गुन्नौर इलाके के मणिकावली कस्बा सहित लगभग 15 गांवों को बदायूं के जरीफनगर उपकेंद्र से बिजली सप्लाई होती है। शुक्रवार को कस्बे के मेन मार्केट में पुराने डाकखाने के पास लगे लोहे के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई। गाय बचने की कोशिश में वहां के टीटू एवं विकास को भी करंट लग गया। इसकी शिकायत जरीफनगर उपकेंद्र के जेई भोलानाथ से की गई, लेकिन कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। शनिवार तड़के उसी पोल में दोबारा करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आकर सांड़ की मौत हो गई। दो दिन में दो पशुओं की मौत होने से ग्रामीण भड़क उठे। ग्रामीणों ने मृत पशु को बीच रास्ते पर रखकर जाम लगा दिया और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जरीफनगर जेई मौके पर पहुंचे तो लोगों ने घेर लिया। उनके लाइन सही कराने का आश्वासन देने पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।