म्याऊं (बदायूं)। अलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम करीमपुर में बुधवार को एक युवक की तालाब में डूबकर मौत हो गई। परिवार वालों के मुताबिक करीमपुर निवासी रामसागर (22) पुत्र नेकसू का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। बुधवार दोपहर वह घर से खाना खाने के बाद निकल गया था। उसके बाद गांव के ही तालाब में कपड़े उतारकर घुस गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में जाने से डूब गया और उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना पर परिवार वाले रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। वहीं म्याऊ चौकी पुलिस, दातागंज एसडीएम, तहसीलदार और सीओ एसके सिंह भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। उन्होंने किसी तरह शव को बाहर निकलवाया। परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। उसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को परिवार वालों के हवाले कर दिया। ब्यूरो