बदायूं। जिला योजना के तहत जिले को शासन की ओर से 38850 लाख रुपये संसाधनों एवं आवश्यकताओं, ग्राम सभाओं और गरीबी व बेरोजगारी पर परिव्यय करने के लिए निर्धारित किए गए हैं। गुरुवार को विकास भवन स्थित सभाकक्ष में श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय विभाग के कैबिनेट और प्रभारी मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत, नगरीय निकायों तथा जिला स्तरीय अधिकारियों से प्राप्त कार्य योजनाओं को सामेकित करते हुए जिला योजना की संरचना की गई। उन्होंने जिला योजना के तहत जिले के लिए 38850 लाख रुपये परिव्यय निर्धारित किया। शासन के निर्देशानुसार जनपद की मूलभूत आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में 1279 हैंडपंपों अधिष्ठान और 167 हैंडपंपों का रिबोर तथा नगरीय क्षेत्रों में 161 हैंडपंपों का अधिष्ठान और 134 रिबोर, प्रधानमंत्री योजना के अंतर्गत 4522 आवासों का निर्माण, चिकित्सा, स्वास्थ्य के अंतर्गत दो प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का भवन निर्माण, चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना तथा दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का भवन निर्माण, दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना, चार रोगी आश्रय स्थलों का निर्माण, शहरी क्षेत्रों में एक तथा ग्रामीण क्षेत्रों में एक आयुर्वेदिक चिकित्सा की स्थापना तथा दो आयुर्वेदिक, यूनानी चिकित्सालयों का निर्माण, नगरीय क्षेत्र में दो होम्योपैथिक चिकित्सालयों की स्थापना, 20.02 किमी सीसी रोड केसी ड्रेन का निर्माण, ग्रामीण स्वच्छता कार्यक्रम के अंतर्गत 55416 स्वच्छ शौचालयों का निर्माण, सूर्यकुंड, सागरताल, बुर्रा अहिरबारा में शिव मंदिर, सिद्धनाथ महाराज, नगला मंदिर, बाबा ब्रहमदेव महाराज, देवी मंदिर, शंकर के मंदिर का पर्यटन विकास 52.85 किमी नवीन ग्रामीण सड़को का निर्माण तथा तीन किमी ग्रामीण मार्गां का पुन: निर्माण योजनाओं की स्वीकृति प्रदान हुई। तत्पश्चात जनपद के प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अन्तर्गत 20 लाभार्थियों स्वीकृति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर आंवला सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, क्षेत्रीय अध्यक्ष बीएल वर्मा, सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, शेखूपुर विधायक धर्मेन्द्र शाक्य, बिसौली विधायक कुसाग्र सागर, बिल्सी विधायक पंडित आरके शर्मा, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भईया सहित भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य, जिलाधिकारी अनिता श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं पार्टी के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।