बदायूं। जिले में 23 अगस्त से शुरू होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए अधिकारियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में बनाए गए 16 परीक्षा केंद्रों में प्रत्येक पर एसओ, इंस्पेक्टर और सीओ तैनात रहेंगे। परीक्षार्थियों को लाने ले जाने के लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों को समुचित इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिस परीक्षा केंद्र पर सात हजार परीक्षार्थी बैठेंगे वहां एक-एक इंस्पेक्टर और सात हजार से अधिक वाले केंद्र पर सीओ, इंस्पेक्टर और पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सभी को दिशा निर्देश दे दिए गए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस दौरान यातायात पुलिस कर्मियों को भी सक्रिय रहने को कहा गया है। निर्देश दिए गए हैं कि शहर में कहीं भी जाम नहीं लगने पाए।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी हो गई हैं। परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें जरूरी निर्देश दिए गए हैं। परीक्षार्थियों के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा रहेगी। ऑटो और ई-रिक्शा वालों से भी कह दिया गया है कि वह उचित किराया वसूल करें। किसी भी परीक्षार्थी से गलत किराया न लें।
रोडवेज बसों में परिचालक को देनी होगी प्रवेश पत्र की छाया प्रति
- पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल परीक्षार्थियों के लिए निशुल्क सुविधा रहेगी। किसी भी परीक्षार्थी से किराया नहीं लिया जाएगा लेकिन उन्हें परिचालक के पास अपने प्रवेश पत्र की छाया प्रति जमा करनी होगी। वह अपने प्रवेश पत्र की तीन-चार छाया प्रति करवाकर रख लें। आवश्यकता के अनुसार परिचालक को दें। उन्हें कोई किराया नहीं देना पड़ेगा।