बदायूं। पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। जिले में 16 कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। पांच दिन तक चलने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा में 5,836 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसके लिए प्रत्येक केंद्र पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह का कोई व्यवधान न पड़े।
जिले में 23, 24, 25 और 30 व 31 अगस्त को दो पालियों में पुलिस भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षा को नकलविहीन और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती जिला प्रशासन की ओर से की गई है। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट और एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है।
केंद्र व्यवस्थापक के साथ तैनात रहेगा सहायक केंद्र व्यवस्थापक
-परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थापक के तौर पर संबंधित कॉलेजों के प्रधानाचार्य व प्राचार्य को रखा गया है। इसके अलावा केंद्रों पर सहायक केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। जिनको जिला प्रशासन ने अपने स्तर से अधिकारी नामित किया है। जो परीक्षा के दौरान कॉलेज में तैनात रहेंगे ताकि परीक्षा के दौरान कोई गड़बड़ी न हो सके।
सभी कक्षाओं में लगाई जाएंगी घड़ी
-जिले में पुलिस भर्ती के लिए बनाए केंद्रों पर इस बार अतिरिक्त व्यवस्थाएं देखने के लिए मिल रही हैं। शासन के निर्देश हैं कि इस बार प्रत्येक केंद्र के हर कक्ष में जहां पर परीक्षार्थी बैठेंगे वहां पर घड़ी लगाई जाएगी, ताकि परीक्षा के दौरान छात्र-छात्राओं को समय देखने में दिक्कत न हो।
-जिले में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर पांच दिन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। शासन के निर्देशों के अनुसार व्यवस्था की जा रही है। -डॉ. प्रवेश कुमार, डीआईओएस