बदायूूं। कछला घाट स्थित पतित पावनी भागीरथी के तट पर ऐतिहासिक गंगा महाआरती का नजारा काशी जैसा दिखता है। डीएम दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी, एडीजे छह रामाशंकर व कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश विनोद कुमार कटियार के परिवार की मौजूदगी में गंगा महाआरती कार्यक्रम का आयोजन हुआ। एडीएम एफआर नरेंद्र बहादुर सिंह इस आरती के यजमान रहे। आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। शनिवार को जीवनदायिनी एवं मोक्ष दायिनी के कछला घाट पर ऐतिहासिक विशाल भव्य गंगा महाआरती सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में आयोजित हुई। आरती स्थल पर मेले जैसा नजारा देखने को मिला। गंगा महा आरती के इस अद्भुत नजारे ने कछला पुल से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का मन मोह लिया। भागीरथी तट पर विशाल भंडारे तथा साथ ही भजन कीर्तन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। डीएम ने कहा कि लाइट साउंड आदि की व्यवस्थाएं घाट पर प्रतिदिन ऐसी ही बनी रहेंगी। गंगा महाआरती को प्रतिदिन संपंन कराने हेतु समिति गठित की गई है, वह बराबर आरती कराती रहेगी। आरती में सीडीओ निशा अनंत, एडीएम राम निवास शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट केके अवस्थी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।