कुंवरगांव क्षेत्र में कार से बरामद डोडा।स्रोत-पुलिस
कुंवरगांव। थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से 1.44 क्विंटल डोडा बरामद हुआ है। वहीं, पुलिस की तस्कर को पकड़ने में नाकाम रही। एसओ रामेंद्र सिंह के मुताबिक एसआई इंतजार हुसैन शुक्रवार सुबह अपनी टीम के साथ करौतिया और खासपुर तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान एक सफेद रंग की कार आती हुई दिखाई दी।
उनकी टीम में शामिल पुलिस कर्मियों ने कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसका चालक कट मारकर कार को आगे दौड़ा ले गया। यह देखकर पुलिस टीम भी उसके पीछे लग गई और काफी दूर तक पीछा किया। चालक कार को ज्यादा नहीं दौड़ा सका। इससे चालक कार को रोककर मक्का के खेत में घुस गया और फिर छिपते हुए भाग गया। बाद में पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। उससे 1.44 क्विंटल डोडा बरामद हुआ है। थाना पुलिस ने कार को सीज कर दिया है। चालक की तलाश कराई जा रही है। कार के नंबर के आधार पर चालक या मालिक को तलाश किया जा रहा है। यह कार हरियाणा नंबर की है। इसके आधार पर जांचकर कार्रवाई की जाएगी। संवाद