उझानी (बदायूं)। बाबा इंटरनेशनल स्कूल के तत्वावधान में आयोजित गाला टेलेंट हंट कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी सांस्कृतिक पेशकश से समा बांध दिया। गीत और संगीत के साथ नृत्य की भी धूम रही। समाजसेवियों को सम्मानित करते हुए आयोजकों ने उनके योगदान की तारीफ की। गायन में रिजा ने पहला स्थान पाया। विजेता बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। भगवान दास पैलेस में गाला टेलेंट हंट का आगाज पर ओलंपिक संघ के जिलाध्यक्ष राजन मेंदीरत्ता और गूंज के चेयरमैन किशनचंद्र शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। उन्होंने ऐसे कार्यक्रम की उपयोगिता के बारे में भी बताया। कहा कि सांस्कृतिक प्रस्तुति से बच्चों को निखरने का मौका मिलता है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत छात्राओं ने सामूहिक और एकल नृत्य से मनमोह लिया। गायन में रिजा प्रथम, खुशी द्वितीय और प्रति ने तृतीय स्थान पाया। इंगलिश स्पीच में धैर्य प्रथम, राजदीप मिश्रा द्वितीय और मरियम तृतीय रहीं। हिंदी स्पीच में एंजिल प्रथम, पलक द्वितीय और आदित्य को तृतीय स्थान मिला। समाजसेवियों में डॉ. संजीव गुप्ता, रामप्रकाश शर्मा, कवि टिल्लन वर्मा, पुरुषोत्तम दास, गोपाल शर्मा, डीएस त्यागी, सुभाषचंद्र मिनोचा, वाईके सिंह, शशि भार्गव, विजय गोपाल, त्रिलोकीनाथ बांगड़ा, दिवाकर वर्मा को बिल्सी पालिकाध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय और उनके पिता नरेंद्र वार्ष्णेय ने सम्मानित किया। विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर विश्व प्रताप सिंह, रजनेश यादव, करन सक्सेना, मनोज वार्ष्णेय, हर्षित, अर्पित आदि मौजूद थे।