बदायूं। भारतीय शौर्य संस्थान के तत्वावधान में उसावां के रहने वाले 35 वर्षीय प्रमोद कुमार गुप्ता ने बरेली स्थित राममूर्ति मेडिकल कॉलेज के पक्ष में मरणोपरांत देहदान का संकल्प लिया है। प्रमोद कुमार देहदान करने वाले संस्था के 45वें व्यक्ति है। संस्था के संस्थापक डॉ. विष्णु प्रकाश मिश्रा ने बताया कि देहदान के लिए संकल्प पत्र में प्रमोद की पत्नी मंजू गुप्ता और भाई खूबचंद्र ने सहमति प्रदान की है। प्रमोद के दो पुत्र 13 वर्षीय अंकित और 8 साल का अर्पित हैं। प्रमोद गुप्ता कहते हैं देहदान-नेत्रदान सबसे बड़ा दान है। मृत्यु के बाद भी उनका शरीर किसी के काम आ सके। इससे बड़ा पुण्य और क्या हो सकता है। प्रमोद ने देहदान का निर्णय अमर उजाला में छपी देहदानियों की खबर के बाद डॉ. विष्णु प्रकाश मिश्रा से लिया। भारतीय शौर्य संस्थान नेत्रदान के साथ ही देहदान के लिए लोगों को प्रेरित कर रहा है। इससे पहले संस्थान की ओर से 44 संकल्प पत्र भरवाए जा चुके हैं, जो राम मूर्ति मेडिकल कॉलेज में जमा कराए जा चुके हैं।