बदायूं/सहसवान। कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए करीब 13 लोग ट्रेस किए गए हैं। सभी को पन्नालाल इंटर कॉलेज में क्वारंटीन किया गया है। इनमें से छह लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जो शाम को जांच के लिए अलीगढ़ भेज दिए गए।
कस्बे में तहसील गेट के नजदीक मस्जिद में मुंबई का कोरोना पॉजिटिव युवक मिलने के बाद जिला प्रशासन की ओर से टीम लगाई गई थी, जिससे पता लगाया जा सके कि पॉजिटिव मरीज के संपर्क में कितने लोग आए थे। बताते हैं कि जिला प्रशासन ने बुधवार सुबह तक 13 ऐसे लोगों की सूची तैयार की है, जो मुंबई के युवक के संपर्क में आए थे। पॉजिटिव युवक ने किसी के साथ खाना खाया था, तो किसी के साथ बैठकर चाय पी। वहीं मस्जिद की देखभाल करने वाले, उसके साथ नमाज पढ़ने वाले और मस्जिद के मौलाना तक को सूची में शामिल किया है। ये लोग कोरोना पॉजिटिव हैं या नही, यह कहना अभी मुश्किल है। इसकी इनकी जांच होना बहुत जरूरी है।
बताया जा रहा है कि इन 13 लोगों में छह लोग कोरोना संक्रमित हो सकते हैं। इन पर सबसे ज्यादा आशंका जताई जा रही है। इसके लिए बुधवार दोपहर जिला अस्पताल से एक टीम बुलाई गई। यह टीम अस्पताल से ‘कोविड डेस्क फॉर सैंपल कलेक्शन’ बॉक्स और पीपीई (पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट) किट के साथ पन्नालाल इंटर कॉलेज पहुंची। टीम ने स्वयं को सुरक्षित रखते हुए छह लोगों के सैंपल लिए। उसके बाद ये सैंपल जांच के लिए अलीगढ़ भेज दिए गए।
आज आएगी 10 लोगों की जांच रिपोर्ट :
मुंबई का युवक कोरोना पॉजिटिव निकलने के साथ उसके साथ रहे तेलंगाना की पांच महिलाएं और आंध्र प्रदेश के पांच पुरुषों के सैंपल मंगलवार को जांच के लिए भेजे गए थे। बताते हैं कि दूसरे दिन रात तक जांच रिपोर्ट आ जाती है। इन दस लोगों की जांच रिपोर्ट गुरुवार दोपहर तक आने की संभावना है।