बदायूं। बढ़ते तापमान से लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में 710 से अधिक मरीज पहुंचे। जिसमें 122 लोगों में डायरिया के लक्षण मिले। आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने से मरीजों को संख्या में और इजाफा हो सकता है। चिकित्सक मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
जिले का अधिकतम तापमान शनिवार को 42.7 और न्यूनतम 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग डायरिया की चपेट में आने लगे हैं। ओपीडी में देख रहे डॉक्टरों ने दवा देने के साथ ही इस मौसम में लापरवाही न बरतने की सलाह दी है। डॉ. अलंकार सोलंकी ने बताया कि एसी से तुरंत बाहर तेज गर्मी और तेज गर्मी से तुरंत एसी वाले स्थान में प्रवेश न करें। अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में इस प्रकार की बीमारियां आम हैं। ऐसे में सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
डायरिया के लक्षण
यह लक्षण आमतौर पर खाने या पीने के बाद लक्षण सामने आते हैं। सूजन, मतली, उल्टी, डकार, पेट फूलना, उल्टी और दस्त।
इस मौसम में डायरिया आम बात है। इसके लिए खानपान का ध्यान रखना बहुत आवश्यक है। अस्पताल में डायरिया के मरीजों को बेहतर इलाज के निर्देश डॉक्टरों को दिए गए है। किसी को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। डॉ. कप्तान सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक