बदायूं। नगर विकास मंत्री का बुधवार को बदायूं दौरा पूरी तरह चुनाव से प्रेरित रहा। उन्होंने शहरवासियों को कई सौगात देकर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की। नगर विकास मंत्री ने शहर के सबसे बड़े प्रोजेक्ट सीवर लाइन निर्माण को हरी झंडी दे दी। शहर की गंदगी दूर करने के लिए सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट छह माह में चलाने का टारगेट डीएम को दिया। इनके अलावा बेहतर पेयजल व्यवस्था और सड़कों का निर्माण शामिल है।यहां पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुरेश खन्ना ने कहा कि बदायूं में सबसे बड़ी जरूरत सीवर लाइन की है, जो जल्द ही पूरी हो जाएगी। सीवर लाइन निर्माण का सर्वे कराने को दे दिया गया है। कूड़ा निस्तारण को सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट जल्द शुरू कराने का निर्देश डीएम को दिया है। यदि किसी कारण से यह प्लांट नहीं चला तो छह माह में नई यूनिट तैयार करा दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि सूबे में लगभग 80 प्रतिशत सड़क गड्ढा मुक्त हो गई हैं, जो बची हैं उन्हें ठीक करने का काम किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि पहले सड़क बनती और कुछ महीने में ही टूट जाती थी। दुबारा बनती, फिर टूट जाती। इससे लोगों को बेहद परेशानी होती थी। मगर अब निर्माण करने वाले ठेकेदार को ही पांच साल तक सड़क का मेंटीनेंस करना होगा। यानी ठेकेदार खुद ही गुणवत्तापरक सड़क बनाएगा। नगर विकास मंत्री ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में प्रोत्साहन समिति बनेगी, जिसमें 7-15 सदस्य होंगे। इसमें बुजुर्ग और समाजसेवी रहेंगे। समिति सदस्य शहर में सफाई, पानी, सीवर, सड़क आदि किसी भी अव्यवस्था की सूचना कॉल सेंटर के जरिए सीधे नगर विकास मंत्री को देंगे। शहर के किसी भी एक पार्क को आदर्श पार्क बनाया जाएगा। नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद पर आरक्षण संबंधी सवाल पर नगर विकास मंत्री ने कहा कि इस पर आपत्तियां मिल चुकी हैं। उन्हीं के आधार पर निर्णय होगा। इस दौरान शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव सिंह उर्फ बब्बू भइया, बिल्सी विधायक आरके सिंह, पूर्व विधायक प्रेमस्वरूप पाठक, अवनीश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य, महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव, ब्रज पांचाल क्षेत्र उपाध्यक्ष जेके सक्सेना, हर प्रसाद सिंह पटेल आदि मौजूद रहे।