नदायल में गैंगस्टर की संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई के दौरान मौके पर भीड़। संवाद
- फोटो : BADAUN
सहसवान/दहगवां। अपराधियों की संपत्ति जब्त करने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। शनिवार को डीएम के आदेश पर पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने सहसवान के गांव नदायल के गैंगस्टर मोअज्जम की 11.35 लाख और जरीफनगर के गांव दहगवां के गैंगस्टर कय्यूम की 1.54 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर ली। संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई से पहले दोनों गांवों में ढोल बजाकर मुनादी कराई गई।
सहसवान तहसीलदार सर्वानंद, सीओ चंद्रपाल सिंह पुलिस फोर्स के साथ शनिवार दोपहर सहसवान के गांव नदायल पहुंचे। नदायल का मोअज्जम गैंगस्टर है। उसके खिलाफ संगठित अपराध और असामाजिक कृत्यों से संपत्ति अर्जित करने के आरोप हैं। गैंगस्टर की संपत्ति जब्त करने से पहले गांव में ढोल बजाकर मुनादी कराई गई तो मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने गैगस्टर का आवासीय परिसर सील कर जब्त कर लिया।
आवासीय परिसर की कीमत 11.35 लाख से ज्यादा आंकी गई है। गैंगस्टर की संपत्ति जब्त करने की दूसरी कार्रवाई जरीफनगर थाने के गांव दहगवां में की गई। यहां गैंगस्टर कय्यूम की पैतृक भूमि पर बने आवास का एक चौथाई हिस्सा जब्त कर लिया गया। दहगवां में भी जब्तीकरण की कार्रवाई से पहले ढोलबजा कर गांव में मुनादी कराई गई।