विधायक के निरीक्षण में खुली कादरचौक बा विद्यालय की पोल
बा विद्यालय की कारगुजारियों की शासन से की गई शिकायत
ब्लॉक स्थित कस्तूरबा विद्यालय में व्यवस्थाओं की पोल शेखूपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य के निरीक्षण में खुल गई। विद्यालय ने मौके पर मौजूद खंड शिक्षा अधिकारी की क्लास ली। बाद में मामले की शिकायत शासन स्तर के अधिकारियों से की। कादरचौक स्थित बा विद्यालय के निरीक्षण को अचानक पहुंचे विधायक को यहां अव्यवस्थाएं मिलीं। लगे हाथ विद्यालय ने छात्राओं को दिए जाने वाले खाने की भी जांच कर ली। विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने खाना चखकर देखा तो वह तिलमिला गए। रसोइया से छात्राओं की संख्या पूछी तो बताया गया कि यहां 100 छात्राएं हैं। इसके बाद विधायक ने खाने के बारे में पता किया। पता लगा कि एक किलो राजमा और चार किलो चावल में 100 छात्राओं का खाना तैयार कर दिया गया। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी प्रवीन शुक्ला से इस बारे में जाना तो वह कोई जवाब ही नहीं दे सके। विद्यालय में बिजली कई दिनों से गुल थी और जनरेटर शोपीस बना खड़ा था। पता करने पर मालूम हुआ कि जनरेटर के नाम पर डीजल रोज फूंका जा रहा है। विद्यालय में शौचालयों की दशा देखकर विधायक बिफर गए। उन्होंने तत्काल सफाई कराने के लिए कहा। छात्राओं को खराब गुणवत्ता का खाना दिए जाने की शिकायत विधायक ने शासन स्तर के अधिकारियों से की है। इसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।