स्नान करने आया युवक रामगंगा में डूबा, तलाश जारी
अफजलगढ़ (बिजनौर)। भूतपुरी घाट पर चार साथियों के साथ स्नान करने आया एक युवक रामगंगा नदी में डूब गया। पुलिस गोताखोरों की मदद से युवक को तलाश करने पर जुटी रही, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल पाया।
उत्तराखंड के जसपुर के गांव पुरनपुर निवासी अरुण कुमार (23) पुत्र राजाराम अपने चार साथियों के साथ स्नान पर आया था। युवक अपने साथियों के साथ नदी के घाट पर कुछ दूर जाकर नहाने लगा। अचानक युवक नदी के तेज बहाव में बह गया, जिसे काफी तलाश किया गया लेकिन युवक काफी तलाश करने के बाद भी नहीं मिल पाया। पुलिस गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश करने पर जुटी है। कोतवाल मनोज कुमार सिंह का कहना है कि युवक के डूबने की सूचना मिली है, युवक की गोताखोरों की मदद से तलाश की जा रही है। वहीं सूचना पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच चुके हैं।