चांदपुर में युवक की हत्या के विरोध में जाम लगाती भीड़
गुस्साई भीड़ ने दुकानदार को पीटा, चौराहे पर जाम लगाया
लेनदेन को लेकर हुए विवाद में हुई घटना, उधारी के रुपये मांगने दुकान पर गया था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर। मोहल्ला गोकुल नगर सिलारा रोड पर एक दुकान पर उधारी के रुपये मांगने पहुंचे युवक अंकित (18) की हत्या कर दी गई। युवक के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दुकान खुलवाई तो वहां युवक का खून से लथपत शव मिला। गुस्साई भीड़ ने दुकानदार को पीटना शुरू कर दिया। पुलिस किसी तरह से उसे बचाकर थाने ले गई। इसके बाद भीड़ ने मौके पर जाम लगा दिया।
अंकित मोहल्ला गोकुल नगर संजय सैनी का पुत्र था। उसके मोहल्ले के ही मुकेश ठाकुर पर रुपये उधार थे। मुकेश की बाजार से सिलारा मार्ग पर इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। बुधवार दोपहर तीन बजे अंकित उसकी दुकान पर रुपये मांगने गया था, लेकिन उसके बाद से वह लापता था। देर शाम परिजन मुकेश की दुकान पर पहुंचे तो वहां ताला लगा था। इसके बाद पुलिस कोसूचना दी गई। पुलिस ने देर रात करीब 11 बजे मुकेश को बुलाकर दुकान खुलवाई तो वहां अंकित का खून से लथपथ शव पड़ा था। भीड़ ने मुकेश पर हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल मुकेश को वहां से उठा कर अस्पताल ले गई। मृतक के परिजनों ने हंगामा कर दिया। भीड़ मुकेश के घर पहुँच गई और तोड़फोड़ करने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुँच कर स्थिति संभाली। बाद में मृतक के शव को दुकान से निकाल कर कब्जे में ले लिया। देर रात गुस्साए परिजन ने कोतवाली चौराहे जाम लगा दिया। साढ़े 11 बजे के बाद भी भीड़ मौके पर जाम लगाए हुए थी। कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है। एएसपी देहात राम अर्ज सिंह, सीओ, कोतवाल मौके पर मौजूद हैं।