बिजनौर। अमरोहा जिले के मंडी धनौरा निवासी परमसिंह (40) शुक्रवार की दोपहर किसी को बताए बिना घर से निकल आया। शाम करीब सात बजे चांदपुर पुलिस को गांव बसेड़ा बमनौली के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर उसकी मौत की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शनाख्त की तो उसके पास से एक आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड के मुताबिक सड़क पर मिला शव मंडी धनौरा निवासी परमसिंह का था। आधार कार्ड पर लिखे पते के आधार पर चांदपुर पुलिस ने मंडी धनौरा पुलिस की मदद से मृतक के परिजनों को उसकी मौत की सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के छोटे भाई जसदेव ने बताया कि परमसिंह मानसिक रूप से कमजोर था। उन्हें आशंका है कि उनकी गैर मौजूदगी में परमसिंह को उनके घर से कोई बहला-फुसला कर ले गया होगा, क्योंकि इससे पहले वह कभी भी अकेला गांव से बाहर तक नहीं गया है।