झालू। गांव रसूलपुर आबाद निवासी युवक राजन (26) की बृहस्पतिवार देर रात ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। गांव रसूलपुर आबाद निवासी 26 वर्षीय राजन पुत्र वचन सिंह बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे घर से झालू जाने की बात कहकर निकला था। परिजनों के अनुसार काफी देर तक उसके घर वापस नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई। ग्रामीणों के साथ आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की गई। इसी दौरान देर रात करीब 11 बजे झालू नहर फाटक से करीब 500 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी मौत होने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। राजन की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी, एक तीन वर्षीय पुत्र और एक एक वर्षीय पुत्री को छोड़ गया है। मासूम बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।