किशोरी को ले जाने वाला युवक गिरफ्तार
मंडावली (बिजनौर)। क्षेत्र के कोटावाली से एक किशोरी के लापता होने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उत्तराखंड के जिला ऊधम सिंह के गांव निवासी महिला ने थाना किच्छा में मंडावली के कोटावाली क्षेत्र से अपनी 16 वर्षीय बेटी के लापता होने की तहरीर दी थी। महिला ने बताया कि उसके गांव का युवक वीर सिंह उसकी बेटी को परेशान करता था, जिस कारण उसने अपनी बेटी को अपने मायके कोटावाली भेज दिया था। 26 मार्च को उसकी बेटी वहां नहीं मिली। आरोप है कि गांव का वीर सिंह उसकी बेटी को लेकर फरार हो गया। थाना किच्छा में इस संबंध में वीर सिंह और उसके भाई के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामला मंडावली का होने के कारण मुकदमे को मंडावली थाने में ट्रांसफर कर दिया गया। मंडावली पुलिस ने मुकदमे के आधार पर वीर सिंह के भाई कमल सिंह को भागूवाला अड्डे से गिरफ्तार कर लिया है।