- 10 फरवरी को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस
- सीएमओ ने अभिभावकों से की बच्चों को दवा खिलाने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर जिले के 19 लाख बच्चों को पेट के कीड़े की दवाई खिलाई जाएगी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 10 फरवरी को मनाया जाएगा। इसके लिए प्रशिक्षण भी दिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय कुमार गोयल ने सभी अभिभावकों से बच्चों को दवा खिलवाने की अपील की।
कार्यक्रम नोडल अधिकारी डॉ. कृष्ण गोपाल ने बताया कि जिले के 19 लाख बच्चों को यह दवा खिलाई जानी है। यह दवाई एक से 19 साल तक के बच्चों, किशोरों को दी जानी है। सरकारी विद्यालय, निजी स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, मदरसे, बाल सुधार गृह व आंगनबाड़ी केंद्रों पर खिलाई जाएगी। एक से दो साल तक के बच्चों को आधी गोली, दो से तीन साल तक के बच्चों को पूरी गोली चूरा करने के बाद पानी में मिलाकर देनी है। तीन से 19 साल तक के बच्चे और किशोरों को दवा चबा कर खानी है। आरबीएसके प्रबंधक डॉ. संकेत गहलौत ने बताया कि जो बच्चे बीमार हैं या कोई और दवाई ले रहे हैं, उन्हें यह दवाई नहीं खिलाई जाएगी। अगर किसी बच्चे में दवाई खाने के बाद जी मिचलाना या उल्टी, दस्त के लक्षण प्रतीत होते है तो उसे खुली व छायादार जगह में लिटाकर आराम कराएं। एनडीडी कार्यक्रम के जिला प्रबंधक सुमित कुमार ने बताया कि किसी भी चिकित्सीय सहायता के लिए 104 टोल फ्री नंबर पर कॉल कर सकते हैं।