निकाय चुनावों में कार्यकर्ताओं को मिलेगा मौका : भूपेंद्र चौधरी
बिजनौर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि अभी सामने निकाय चुनाव है और अधिक से अधिक सीटों पर जीत का लक्ष्य है। निकाय चुनाव में टिकट का मानक पार्टी का कार्यकर्ता और जीताऊ प्रत्याशी रहेगा। संगठन को मजबूत करने का काम चल रहा है। जिन सीटों पर पिछले चुनावों में भाजपा हारी थी, इस बार उन पर जीत हासिल की जाएगी। इसके बाद लोकसभा में यूपी की सभी सीटों पर पार्टी को जीत दिलाने का लक्ष्य है। इसके लिए अभी से सक्रियता बढ़ा दी गई है।
मंगलवार को भाजपा पार्टी कार्यालय पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पत्रकार वार्ता की। निकाय चुनावों में भी गठबंधन की चुनौती से निपटने की रणनीति के सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम बूथ लेवल पर काम कर रहे हैं। भाजपा का जनाधार 2014 के बाद हर चुनाव में बढ़ा है और लगातार बढ़ेगा। इस बार हम उन सीटों पर भी जीत हासिल करेंगे, जिन पर पिछली बार हार गए थे। इसके अलावा आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी भी शुरू कर दी गई हैं। इस बार यूपी में हमारा लक्ष्य 80 सीटें पाने का है।
उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में अपने कार्यकर्ताओं जो जीताऊ प्रत्याशी साबित होंगे, उन्हें मौका दिया जाएगा। इसकी रणनीति तैयार की जा रही है। इसके अलावा महिलाओं के टिकट पर उन्होंने कहा कि यदि कोई महिला जो जीताऊ साबित होगी, उन्हें बिना आरक्षण भी चुनाव में मौका दिया जाएगा। जिला पंचायत चुुनाव इसका उदाहरण रहा है।
पार्टी ने जिन्हें चुनाव लड़ाया, उनके साथ है
जिला पंचायत में अविश्वास को लेकर चल रही उठापटक के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र है, यहां सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है। बिजनौर का मामला कोर्ट में है, इस पर तो कुछ नहीं कहा जा सकता। हालांकि पार्टी ने जिन्हें चुनाव लड़ाया था, उनके साथ है। कहीं अविश्वास नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में शोर खूब मचाया गया। कुछ लोगों ने कहा कि अखिलेश यादव और जयंत के लिए पिच तैयार करके दी, लेकिन अखिलेश-जयंत बैटिंग नहीं कर पाए। आगे भी यही स्थित रहेगी। बिजनौर की दो लोकसभा सीटों पर रणनीति के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारी लोकसभा की तैयारी काफी पहले से शुरू हो चुकी है। हम इस बार सभी सीटों पर जीत हासिल करेंगे।