बिजनौर। धामपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर मां बेटी से गले की चेन और कुंडल दिन निकलते ही लूट लिए गए। सिर्फ हाईवे ही नहीं, बल्कि गली मोहल्लों में भी बाइकर्स गैंग का आतंक रहता है। कई घटनाएं ऐसी हो चुकी हैं, जिनमें घर के बाहर निकलते ही गली में बाइक सवार चेन पर झपट्टा मार फरार हो गए।
दरअसल चेन लूट का सबसे आसान लक्ष्य होती है। हालांकि पिछले दिनों बिजनौर पुलिस ने अमरोहा के एक गैंग को पकड़ा था, जिसने नगीना तक महिलाओं के गले की चेन लूट को अंजाम दिया था। अब कोई दूसरा गैंगा सक्रिय हो गया है। यह गैंग बिजनौर नगर से लेकर आसपास के कसबों और हाइवे पर बेखौफ होकर चेन झपट की घटनाओं को अंजाम दे रहा है।
केस नंबर एक
किरतपुर में नेशनल हाईवे 119 पर नगर पालिका कार्यालय के पास ही दस सितंबर को बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की लूट ली थी। महिला रोती बिलखती थाने पहुंची लेकिन अभी तक इस वारदात का खुलासा नहीं हो पाया है।
केस नंबर दो
सात दिन पहले ही शहर कोतवाली क्षेत्र में दो अलग अलग जगहों पर चेन लूटी गई थी। जिसमें साहित्य विहार की रहने वाली श्वेता पाराशर के गले से चेन लूट ले गए थे। दूसरी वारदात वीआईपी कॉलोनी में रहने वाले कृष्ण कुमार बिष्ट की पत्नी शोभा बिष्ट के साथ हुई। बाइक सवार शोभा के गले की चेन झपट ले गए थे। यह वारदात सीसीटीवी में भी कैद हुई।