-रोजगार के माध्यम से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में देंगे सहयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। उच्च शिक्षा न पा पाने वाली महिला एवं युवतियों को हुनरमंद बनाया जाएगा। राजकीय आईटीआई संस्थान में आठवीं पास महिलाओं के लिए ड्रेस मेकिंग, कपड़ा कटाई सिंलाई ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ऐसे महिलाएं यहां हुनर सीखकर न सिर्फ स्वावलंबी बनेंगी, बल्कि अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में अपना सहयोग करेंगी।
शिक्षा ही एक ऐसा अचूक हथियार है, जो मनुष्य के जीवन में उजियारा लाता है। विभिन्न कारणों से काफी छात्राएं बीच में ही शिक्षा छोड़ देती हैं। शिक्षा कम व कोई अतिरिक्त हुनर नहीं होने से वह सिर्फ गृहणी बनकर ही रह जाती हैं। अब ऐसा नहीं हो रहा है। कम शिक्षा होने के बाद भी महिलाओं को अतिरिक्त हुनर सिखाया जा रहा है। ताकि कम योग्यता वाली युवतियां व महिलाएं ड्रेस मेकिंग, कपड़ा कटाई-सिलाई ट्रेड का प्रशिक्षण प्राप्त स्वावलंबी बनें। संस्थान में ऐसी महिलाओं के लिए करीब 84 सीटें हैं।
राजकीय आईटीआई संस्थान के प्रधान सहायक राकेश शर्मा ने बताया कि कक्षा 8 पास महिलाएं आईटीआई में ट्रेड ड्रेस मेकिंग 48 सींटे थी, जिनपर प्रवेश हो गया। सीविंग टेक्नोलॉजी में प्रवेश के लिए 40 सीटें थी, जिसमें 12 पर प्रवेश हो गया। इसके अलावा स्टेनों की 24 सीटों पर प्रवेश हो गए हैं।
राजकीय आईटीआई संस्थान के प्रधानाचार्य मंजुल मयंक ने बताया कि कम शिक्षित महिलाओं व युवतियों के आत्मनिर्भर होने का अच्छा विकल्प है। कक्षा आठ वीं पास महिलाएं इन ट्रेड़ों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार के लिए अपना कार्य शुरू कर सकती है।