नहटौर में पुलिस की गिरफ्त में नशे के कारोबार करने वाले पति पत्नी।
- फोटो : BIJNOR
नहटौर। स्मैक और चरस की पुड़िया बेचने वाली महिला को पुलिस ने उसके पति के संग पकड़ लिया है। महिला पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए अपने घर का ताला बाहर से बंद रखती थी। खिड़की और छत से पुड़िया ग्राहकों को देती रही। दो महीने की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार पुलिस ने इस दंपति को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उत्तराखंड से नहटौर तक इस दंपति के पास नशीले पदार्थ पहुंचाने वाले सप्लायर की तलाश की जा रही है।
नहटौर पुलिस ने गांगन पुल के निकट चेकिंग के दौरान एक दंपति को गिरफ्तार किया। जिनके पास से डेढ़ किलो चरस बरामद की गई हैं। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मोहल्ला नहटौर के मोलवियान निवासी शहजाद उर्फ शब्बू व हिना परवीन पत्नी शब्बू बताया हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पति पत्नी लम्बे समय से मादक पदार्थों का कारोबार करता थे। शब्बू के खिलाफ पांच व हिना पर दो मुकदमे नहटौर थाने में दर्ज हैं। आरोपी उत्तराखंड से चरस लाकर क्षेत्र में बेचते थे। पुलिस उस पर नजर रखे हुए थी। पूछताछ में अन्य नशे के कारोबार करने वालों के नाम भी प्रकाश में आए हैं। उनके खिलाफ भी जांच की जा रहीं हैं।
पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी पहले खुद नशा करता था, बाद में तस्कर बन गया। अब पत्नी के संग मिलकर नशीले पदार्थों को बेचने का काम करने लगा। आरोपी शब्बू ने अपने से काफी कम उम्र की हिना से शादी की और उसे भी इस अवैध कारोबार की दलदल में धकेल दिया। बता दें कि जिले में एसपी दिनेश सिंह नया सवेरा अभियान चलाए हुए हैं, इसी अभियान के तहत नशा के कारोबार की कमर तोड़ी जा रही है। कोतवाल पंकज तोमर ने बताया कि दंपति का संबंधित धाराओं में चालान किया गया है।