- बुधवार की सुबह चारा लेने के लिए खेत में गई थी महिला
संवाद न्यूज एजेंसी
शिवाला कलां (बिजनौर)। गांव मालवा में चारा लेने के लिए जंगल गई महिला की हत्या कर दी गई। उसका रक्तरंजित शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला। पोस्टमार्टम के बाद गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। उधर, पुलिस रिपोर्ट दर्ज करते हुए जांच पड़ताल में जुट गई है।
बुधवार की सुबह दस बजे गांव मालवा निवासी शाहजहां (45) पत्नी इसरार चारा लेने के लिए खेत में गई थी। दोपहर बाद तक भी शाहजहां घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार वालों ने ग्रामीणों के संग मिलकर शाहजहां की तलाश शुरू की। तलाश करते हुए देर शाम शाहजहां का रक्तरंजित शव गांव के ही इकबाल के गन्ने के खेत में पड़ा हुआ मिला। उसके सिर में घाव बना हुआ था, वहीं शरीर पर अन्य जगह भी चोट के निशान मिले।
अनुमान लगाया गया कि किसी वस्तु से वार करके महिला की हत्या की गई है। खबर मिलते ही एएसपी देहात राम अर्ज और सीओ चांदपुर सर्वम सिंह भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस अफसरों की मौजूदगी में टीमों ने बारीकी से घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार को शव को सुपर्द ए खाक किया गया।
मृतका के पति इसरार ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना अध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस की टीम बनाकर हत्यारोपी की तलाश की जा रही है। घटना का शीघ्र अनावरण हो जाएगा।