कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव हरियावाला निवासी नाजमा (45) पत्नी अनवर बुधवार को बेटे की दवाई लेने अपने मायके के गांव दहीरपुर गई थी। नाजमा का बेटा अपनी ननिहाल के गांव दहीरपुर में ही रुक गया। इसके बाद नाजमा अकेले की अपने घर हरियावाला के निकल पड़ी। भतीजे ने नाजमा को शाम 5.45 बजे उत्तराखंड डिपो की बस में बैठा दिया। देर रात तक भी नाजमा घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसे काफी ढूंढा लेकिन, उसका पता नहीं चला।
इसके बाद परिजनों ने थाने पहुंच कर पुलिस से गुहार लगाई। बृहस्पतिवार सुबह लगभग 7:30 बजे नाजमा का शव ग्राम दौलताबाद के निकट नेशनल हाईवे के किनारे पड़ा मिला। महिला के कान के पास से खून बह रहा था और उसके चेहरे पर चोट के निशान मिले। उसके कुंडल गायब थे।
उधर, जानकारी मिलते ही एएसपी देहात राम अर्ज, सीओ नगीना देव दीपक और थाना अध्यक्ष कोतवाली देहात मौके पर पहुंचे। मौका मुआयना करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के बेटे शादाब की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव के सामने बस से उतरी थी महिला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला के शव से कुछ दूरी पर ही कोतवाली देहात तक यात्रा का टिकट पड़ा मिला है। उधर, पुलिस ने रोडवेज बस के चालक से भी बात की। उसने पुलिस को बताया है कि महिला अपने दौलताबाद के निकट अपने गांव जाने के लिए पुलिया के पास उतर गई थी। बुधवार की शाम बस से उतरने के बाद भी वह गांव नहीं पहुंची। महिला के मुंह, कान और दाहिने हाथ पर चोट के निशान हैं। इससे लग रहा है कि महिला के साथ मारपीट की गई होगी। लूट की भी आशंका है।
जहां-तहां पड़ा मिला सामान
महिला का शव जिस स्थान पर पड़ा था, उससे कुछ दूरी पर उसका टिकट मिला है। कुछ कदमों की दूरी पर स्थित तालाब में महिला के कपड़ों की थैली मिली है। महिला का बैग उसके शव से लगभग 100 मीटर आगे हाईवे के किनारे पड़ा मिला। महिला के कानों से कुंडल गायब थे। उसके कान के पास से खून भी बह रहा था।
...तो सुबह ही फेंका गया शव
महिला बुधवार की शाम ही अपने गांव से कुछ दूरी पर बस से उतर गई थी, बृहस्पतिवार की सुबह उसका शव पड़ा मिला। सूत्रों की मानें तो शव सुबह के वक्त ही वहां फेंका गया है, क्योंकि रात में अगर उसका शव वहीं पड़ा रहता तो ओस और कोहरे के कारण उसके कपड़े गीले हो सकते थे, साथ ही शव के अंगों में ऐंठन आ जाती। ऐसे में कहीं और हत्या कर सुबह के वक्त शव को हाईवे किनारे फेंके जाने की बात को बल मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: PM Modi Rally: PM मोदी आज करेंगे चुनावी अभियान का आगाज, 2014 के चुनाव में भी बुलंदशहर से ही फूंका था बिगुल