बुखार से महिला की मौत, कई बीमार
हल्दौर। बुखार से पीड़ित एक महिला की मौत हो गई, जबकि गांव में दर्जनों लोग बुखार से पीड़ित हैं। लोग अप्रशिक्षित चिकित्सकों के यहां अपना उपचार कराने को मजबूर हैं।
गांव अम्हेड़ा निवासी फातमा अंसारी ( 45 ) पत्नी खुर्शीद अहमद अंसारी का बुखार से पीड़ित होने पर परिजनों ने उसका उपचार आसपास के निजी चिकित्सकों के यहां कराया। परिजन महिला को नाजुक हालत में उपचार के लिए मुरादाबाद ले गए। जहां शनिवार की देर शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गांव की ही बुखार से पीड़ित एक महिला उषा देवी पत्नी ओमप्रकाश सिंह कुछ दिन पूर्व बिजनौर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। करीब बीस दिन के अंदर बुखार से पीड़ित दो महिलाओं की मौत होने से ग्रामीण दहशत में है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव की गुड्डी देवी पत्नी राजेंद्र सिंह, शिवम कुमार पुत्र डालचंद, चित्रा देवी पत्नी ओमप्रकाश, पूनम देवी पत्नी राहुल कुमार, आदि अनेक लोग बुखार से पीड़ित है। परिजनों के अनुसार के सबसे पहले रोगी को सिर में तेज दर्द होता है । कुछ निजी चिकित्सकों के अनुसार बुखार पीड़ितों के शरीर में प्लेटलेट्स के कम होना बता रहे है। कुछ ग्रामीणों ने गांव की नालियों और नालों के साफ पानी में मच्छरों का एंटीलार्वा पनपने से ग्रामीणों में बुखार रोग फैलने की आशंका जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कई बार गांव में चिकित्सकों की टीम भेजकर रोगियों के स्वास्थ्य की जांच कर उनका उपचार कराए जाने की मांग की गई। लेकिन विभागीय अधिकारी ने गांव पहुंचकर रोगियों की सुध लेने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।
सीएचसी प्रभारी डॉ जितेंद्र कुमार का कहना है कि मौसम परिवर्तन होने के कारण गांव में वायरल फीवर के फैलने की आशंका जताई जा रही है । उन्होंने गांव में सोमवार को चिकित्सकों की टीम भेजकर रोगियों के स्वास्थ्य की जांच कर उनका उपचार कराए जाने की बात कही है।