फीना में बुखार से महिला की मौत
शिवाला कलां/बिजनौर। क्षेत्र के गांव फीना में बुखार से एक महिला की मौत हो गई। गांव में अभी भी ज्यादातर लोग बुखार की चपेट में हैं। मगर स्वास्थ्य विभाग हालात सामान्य होने की बात कह रहा है। गांव में करीब 60 लोग अभी भी बुखार की चपेट में हैं। गांव में करीब 15 दिन पहले बुखार से दो बच्चों की मौत हो चुकी है।
गांव निवासी मुकेश देवी (48) पत्नी महिपाल सिंह उर्फ कलवा को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। महिला का इलाज एक निजी चिकित्सक के यहां हो रहा था। महिला की हालत बिगड़ती देख चिकित्सक ने उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया। मगर पैसों के अभाव में उसका सही इलाज नहीं हुआ। बुधवार को उपचार के दौरान मुकेश देवी की मौत हो गई। बुखार से महिला की मौत होने से गांव में फिर से भय का माहौल पैदा हो गया है। क्योंकि सितंबर माह की शुरूआत में दो बच्चों की बुखार और अन्य बीमारी के चलते मौत हो गई थी। मिली जानकारी के मुताबिक गांव में विनीत कुमार, सुधा देवी, आयुषी सावित्री देवी, भरत कुमार, विनीत कुमार सहित 60 ग्रामीण बुखार की चपेट में हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से जांच शिविर लगाने की मांग की है।
गांव में वायरल फीवर होने की जानकारी नहीं है। एमओआईसी ने गांव में संक्रामक बीमारी से ग्रसित कोई मरीज नहीं बताया है। इस मौसम में टाइफाइड होने का भी खतरा बना रहता है। महिला की मौत के मामले की जांच की जाएगी
- डॉ. विजय कुमार गोयल, सीएमओ