हल्दौर के गांव कूकड़ा इस्लामपुर में बंदर के हमले में मरने वाली महिला गीता का फाइल फोटो।
बिजनौर, हल्दौर। क्षेत्र के गांव कूकड़ा इस्लामपुर में बंदरों के हमले में गीता (35) मकान की छत से नीचे गिर गई। जिसके बाद परिजन महिला को घायलावस्था में मुरादाबाद एक अस्पताल में ले गए। जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। बंदरों से आतंक से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
गांव कूकड़ा इस्लामपुर निवासी गीता देवी पत्नी संतराम रविवार को दोपहर करीब दो बजे बारिश आने पर मकान की छत पर सूखे कपड़े उतारने गई थी। इस दौरान छत पर बैठे कुछ बंदरों ने अचानक गीता पर हमला बोल दिया। बंदरों से हमला करने पर घबराकर महिला छत से नीचे गिर गई। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हुई। परिजनों ने उसे उपचार के लिए मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया।
इलाज के दौरान सोमवार को महिला की मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में बंदरों ने रोहित कुमार कश्यप, निधि चौहान, पूनम कश्यप, गर्वित चौहान, हनी चौहान समेत करीब छह ग्रामीणों को घायल किया है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।