- नांगलसोती के उप स्वास्थ्य केंद्र का मामला, डिलीवरी के बाद नजीबाबाद ले जाते हुए महिला की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
नांगलसोती/नजीबाबाद। उप स्वास्थ्य केंद्र नांगलसोती में डिलीवरी के बाद हालत बिगड़ने पर नजीबाबाद अस्पताल के लिए रेफर की गई महिला की रास्ते में मौत हो गई। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने उप स्वास्थ्य केंद्र पर जमकर हंगामा किया।
गांव शहजादपुर निवासी शबाना पत्नी इरफान उर्फ मोइला को शुक्रवार को गांव की आशा ने डिलीवरी के लिए नांगलसोती के उप स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। जहां करीब दो घंटे बाद केंद्र की एएनएम ने शबाना की डिलीवरी कराई। शबाना ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। परिवार का आरोप है कि डिलीवरी के दौरान शबाना लगातार दर्द से चीखती चिल्लाती रही। एएनएम ने परिजनों को कोई भी दिक्कत न होने का हवाला देते हुए महिला की डिलीवरी उप-स्वास्थ्य केंद्र पर ही करा दी। डिलीवरी के दौरान शबाना की हालत बिगड़ गई।
परिजनों का आरोप था कि एएनएम ने शबाना की ज्यादा हालत बिगड़ने पर परिजनों से उसे नजीबाबाद अस्पताल ले जाने के लिए कहा। नजीबाबाद ले जाते समय रास्ते में शबाना की मौत हो गई। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। शनिवार सुबह महिला को गांव के कब्रिस्तान में दफनाया गया। महिला की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने एएनएम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शनिवार सुबह को उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। एएनएम सहित केंद्र पर रह रहे एएनएम के परिवार ने भीड़ से बचाव करते हुए खुद को एक कमरे में बंद कर लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ को समझाया और एएनएम सहित उसके परिवार को बंद कमरे से बाहर निकाला।