- बाइक के सामने आया निराश्रित पशु, बेकाबू होकर गिरी बाइक
संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर गांव आलमपुर गांवड़ी के समीप बाइक के सामने निराश्रित पशु आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए।
रेहड़ थाने के गांव भगतावाला निवासी जयमाला (45) पत्नी जितेंद्र निवासी पीएचसी कासमपुरगढ़ी पर आशा है। वह गांव से एक गर्भवती महिला को डिलीवरी के लिए लेकर पीएचसी कासमपुरगढ़ी पर आई थी। बच्चा अस्वस्थ था, जिस कारण आशा तथा महिला के एक रिश्तेदार हरपाल सिंह बच्चे को लेकर बाइक से धामपुर अस्पताल में जा रहे थे। जैसे ही यह लोग राष्ट्रीय राजमार्ग गांव आलमपुर गांवड़ी के समीप पहुंचे तो बाइक के सामने निराश्रित पशु आ गया, जिसमें बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और नवजात बच्चे सहित तीनों लोग घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने को पीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। नवजात बच्चे व हरपाल सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक आशीष तोमर ने बताया कि महिला के शव काे पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर अस्पताल भेजा गया है।