स्योहारा। सोमवार देर रात्रि 9 बजे ग्राम कुरी बांगर निवासी रिजवाना (24) पत्नी अहजाद मंगलवार को अपने घर में खाना बना रही थीं। अचानक एक सांप ने उसके पैर में काट लिया। महिला ने शोर मचाया तो परिजन मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में महिला की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों ने महिला को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने तुरंत एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन लगाया और प्राथमिक उपचार के बाद महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भर्ती महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सीएचसी प्रभारी डा. बीके स्नेही ने बताया कि सांप काटने के मामलों में सबसे ज्यादा मौतें देरी और अंधविश्वास के कारण होती हैं। अगर मरीज को झाड़-फूंक में समय गंवाया जाए तो जहर पूरे शरीर में फैल जाता है, जिससे बचाना बेहद मुश्किल हो जाता है। परिजनों की सूझबूझ और डॉक्टरों की तत्परता से एक परिवार उजड़ने से बच गया।