सड़क कटान रोकने को बनाई वायर क्रेट वाल डूबने के कगार पर
जलीलपुर/ चांदपुर (बिजनौर)। हस्तिनापुर गंगा पुल के निकट पानी के साथ बही सड़क जल्दी ठीक होने के आसार नहीं है। मरम्मत कार्य बंद है और सड़क कटान रोकने को लगाए पत्थर भी पानी में डूबने के कगार पर हैं। टूटी सड़क उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा व दिल्ली राज्य के हजारों यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनी है। गंगा के आर-पार खेती करने वाले सैकड़ों किसान नाव का सहारा लेकर अपने खेतों तक पहुंच रहे हैं।
करीब दो माह पहले 30 जुलाई को बहसूमा ठाकुरद्वारा राज्य मार्ग पर बने हस्तिनापुर गंगा पुल के निकट अप्रोच मार्ग धंस गया था। बाद में पानी के तेज बहाव में यह मार्ग करीब 60 मीटर तक कटकर पानी में बह गया। जिसके चलते सड़क और पुल के बीच दूरी इस समय करीब 70 मीटर हो चुकी है। लोकनिर्माण विभाग ने सड़क को कटान से बचाने के लिए वायर क्रेट वाल बनाई थी। वायर क्रेट वाल बनाने के बाद भी सड़क का मरम्मत कार्य बंद है।
पिछले कई दिनों से पहाड़ों व मैदानी क्षेत्र में बारिश होने से गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। जिसके चलते सड़क कटान रोकने को बनी वायर क्रेट वाल डूबने के कगार पर है। यदि गंगा का जलस्तर और बढ़कर वायर क्रेट के ऊपर बहने लगा तो सड़क का कटान फिर से शुरू हो सकता है।
गंगा में बही सड़क को एक सप्ताह ठीक करने का दावा हवा हवाई ही रहा है। करीब दो माह बीतने को हैं, मगर अभी मरम्मत कार्य शुरू भी नहीं हो सका है।
गंगा का जल स्तर घटने पर शुरू होगा मार्ग निर्माण
फिलहाल कटान और गंगा के जल स्तर के जो हालात है, उससे साफ नजर आता है कि अब गंगा का जल स्तर घटने के बाद ही इस मार्ग का निर्माण हो पाएगा। हालांकि कुछ तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि गंगा ने जिस तरह अप्रोच रोड का कटान किया है। उसे देखते हुए यहां पर लोक निर्माण विभाग को अब पिछली खामियों को दूर करते हुए भविष्य के लिए पुख्ता इंतजाम के साथ मार्ग निर्माण करना होगा। क्योंकि गंगा का कटान हर साल बरसात में होता ही है।