शेरकोट। सऊदी अरब से दो साल बाद घर लौटे व्यक्ति ने पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।
नगर के मोहल्ला नौधना निवासी ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि करीब आठ साल पहले उसकी शादी बिजनौर के मोहल्ला मिर्दगान निवासी युवती के साथ हुई थी। शादी के दो साल बाद वह सऊदी अरब चला गया। उसकी पत्नी अपने मायके में जाकर रहने लगी। आरोप है कि उसके संबंध पड़ोस के ही युवक के साथ बन गए। आरोप है कि उसकी गैरमौजूदगी में पत्नी अपने प्रेमी के साथ ससुराल पहुंची और सारा सामान अपने साथ ले गई। 25 महीनों के बाद वह सऊदी अरब से अपने घर लौटा तो पत्नी उस पर तलाक देने का दबाव बना रही है। तलाक देने से मना करने पर पत्नी और उसका प्रेमी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे है। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।