चंदक हेड मार्ग पर जलभराव, आवागमन में परेशानी
भागूवाला। भागूवाला-चंदक हेड मार्ग पर जलभराव होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भागूवाला निवासी सरफराज, सुरेंद्र, जयपाल सिंह, ब्रह्मपाल का कहना है कि भागूवाला-चंदक हेड मार्ग से गांव कामराजपुर, वन गुर्जर, राजगढ़ आदि जुड़े हैं। मार्ग पर बड़े और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से पांच किलोमीटर का यह मार्ग गहरे गड्ढों में तब्दील हो गया है। पिछले दो दिन से रुक रुककर बारिश होने से मार्ग के गहरे गड्ढों में जलभराव हो गया है। मार्ग पर जलभराव होने से राहगीरों को गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिस कारण राहगीर गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग की मरम्मत कराने और ओवरलोड वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की है। संवाद