- डीएम और एसपी समेत अन्य अफसरों ने लिया तैयारियों का जायजा
- पहुंचेगी पांच राज्यों की टीम, कियाकिंग कैनोइंग, रोइंग, कैनो पोलो, राफ्टिंग, ड्रैगन नाव आदि खेल होंगे।
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
रेहड़ (बिजनौर)। पीलीबांध के जलाशय में तीन दिवसीय जल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं आयोजित होने जा रही हैं। जल क्रीड़़ा को लेकर जलाशय में रस्सी डालकर लेन बना दी गई हैं। जिसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीएम एसपी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। आज रविवार को इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए पांच राज्यों की टीम पहुंचेगी।
अमानगढ़ टाइगर रिजर्व के बाद अब प्रशासन की नजर पीलीडैम पर पर्यटन की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इसी क्रम में पीली बांध के जलाशय में तीन दिवसीय जल क्रीड़ा प्रतियोगिता होनी हैं। जिसके लिए सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है। तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को डीएम उमेश मिश्रा, एसपी नीरज कुमार जादौन, सीडीओ पूर्ण वोहरा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता है कि जल क्रीड़ा प्रतियोगिता पूरी तरह से सफल रहे। इस प्रतियोगिता में कियाकिंग कैनोइंग, रोइंग, कैनो पोलो, राफ्टिंग, ड्रैगन नाव आदि खेल होंगे। इससे अमानगढ़ रिजर्व टाइगर सफारी व पीलीडैम पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, जनरल सेक्रेटरी उत्तराखंड ओलंपिक डॉ. डीके सिंह, सीओ शुभ सूचित व बीडीओ राजेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।
बिजनौर बैराज पर भी हुए थे खेल
बिजनौर गंगा बैराज के जलाशय में भी पिछले दिनों कियाकिंग कैनोइंग, रोइंग, कैनो पोलो, राफ्टिंग, ड्रैगन नाव आदि खेल हुए थे। जिन्होंने दर्शकों को भी रोमांच से भर दिया था। गंगा में भी प्रशासन स्थायी प्रशिक्षण केंद्र खोलने की तैयारी में लगा हुआ है। सेंक्चुअरी सीमा से बाहर जमीन की तलाश की जा रही है।
पर्यटन को लगेंगे पंख : डीएम
डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि पीली डैम में अपार संभावनाएं हैं। रविवार को जलक्रीड़ा होगी, जिसमें पांच राज्यों के खिलाड़ी भाग लेंगे। यहां पर अमानगढ़ और पीलीडैम में इको टूरिज्म की संभावनाएं बढ़ेगी। जिले का नाम भी देश के कौने-कौने तक पहुंचेगा। हमने पूरी तैयारी कर ली है।