पूर्वी गंग नहर में छोड़ा गया पानी
नांगलसोती। भीमगोड़ा कुंभ हरिद्वार से खेतों की सिंचाई के लिए पूर्वी गंग नहर में पानी छोड़ दिया गया है। किसानों को अब राहत मिलने की उम्मीद है।
मैदानी क्षेत्र के भागूवाला, मंडावली, नांगलसोती, नजीबाबाद, चंदक के अधिकांश किसान फसलों की सिंचाई के लिए पूर्वी गंग नहर और उससे जुड़ी शाखाओं पर आश्रित हैं। हरिद्वार के चंडीघाट के समीप पुल निर्माण कार्य होने के कारण पूर्वी गंग नहर में पानी नहीं छोड़ा जा रहा था। पूर्वी गंग नहर और उससे जुड़ी शाखाओं में पानी नहीं आने से सिंचाई प्रभावित हो रही थी। लेकिन अब किसानों को राहत मिलने वाली है। पूर्वी गंग नहर हरिद्वार के एसडीओ प्रमोद कुमार ने बताया कि मंगलवार रात एक बजे पूर्वी गंग नहर में 700 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। दो दिनों के भीतर क्षेत्र की नहरों में पानी पहुंचना शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि 1500 से 2000 क्यूसेक पानी छोड़ने की मांग शासन को भेजी गई है, जल्द ही पानी की आपूर्ति बढ़ाई जाएगी।