- खो नदी के पानी से मंधौरा-कोपा मार्ग बाधित, किसानों को हो रही परेशानी
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
शेरकोट/धामपुर। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के कारण खो नदी का फिर से जलस्तर बढ़ने लगा है। सोमवार को खो नदी का जलस्तर 85 हजार क्यूसेक से घटकर सात हजार क्यूसेक हो गया था। मंगलवार दोपहर दो बजे तक 225.25 मीटर गेज के अनुसार जल स्तर की निकासी सात से बढ़कर 50 हजार क्यूसेक से भी ऊपर चली गई। अभी और भी जलस्तर बढ़ने के आसार हैं।
उमरपुर, पालकी, तीपरजोत, हादकपुर, नयागांव, नंदगांव, नाथाडोई, मंधौरा, कोपा, धुराड़ा आदि खो नदी के तट के किनारे बसे गांवों के किसानों को खतरा पैदा हो गया है। पानी भर जाने के कारण मार्ग के बाधित होने से चारे का संकट गहराने लगा है। ग्राम प्रधान धुराड़ा लाखन सिंह ने बताया कि मंधौरा-कोपा मार्ग पर भी खो नदी का पानी उतरने से बंद हो गया है।
स्कूलों में घुसा गांगन नदी का पानी
धामपुर। मंगलवार सवेरे से हो रही बारिश से खेत पानी से लबालब हो गए। स्कूल-कॉलेजों में बारिश के चलते छात्र-छात्राओं की संख्या कम रही। बारिश को देखते हुए बीएसए जयकरन सिंह यादव ने करीब 11 बजे से स्कूलों में शिक्षकों को अवकाश घोषित करने का आदेश जारी कर दिया। अधिकांश स्कूल-कॉलेजों में नदियों का पानी घुसने से उनके भवनों को खतरा पैदा हो गया है। शिक्षक-शिक्षामित्र वेलफेयर ऐसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुधीर चौहान का कहना है कि मंगलवार को गांगन नदी में आए उफान से कंपोजिट स्कूल मिरजापुर, भटियाना खुशहालपुर, जलालपुर आसरा सहित कई स्कूलों में पानी घुस गया।