बिजनौर में मालन नदी के रपटे पर पानी आने से नाव से जाते लोग।
बेगावाला। पहाड़ों और मैदानी क्षेत्रों में लगातार बारिश होने की वजह से चारों पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। बारिश के पानी से सड़कें तालाब ही बन गई है। रावली और ब्रह्मपुरी गांव जिला मुख्यालय से मात्र दस किलोमीटर की दूरी पर हैं। इन दोनों गांव को जोड़ने के लिए काफी समय पहले एक रपटे का निर्माण कराया गया था, परंतु पानी ज्यादा आने के कारण बुधवार को इस रपटे पर भी दो से तीन फीट पानी चल रहा है। रपटे पर पानी चलने के कारण गांव वालों ने नाव चला रखी है, जिस पर बैठकर ही नदी पार की जाती है। ग्रामीण वेदराम, पवन, दिनेश, विनोद शर्मा, दीपक शर्मा आदि का कहना है कि इस समय पशुओं को चारे की बहुत बड़ी समस्या बनी हुई है। रवींद्र शर्मा, हीरा सिंह रजनीश, पवन आदि का कहना है कि काफी लंबे समय से शासन और प्रशासन से इस नदी पर पुल बनवाने की मांग की जा रही है। गंगा का पानी प्राथमिक विद्यालय में भर गया और घरों के बाहर सड़क पर भर गया है। उधर, प्रशासन की ओर से हरिद्वार भीमगोड़ा से पानी छोड़े जाने की पुष्टि करते हुए आसपास के क्षेत्र को सचेत रहने के लिए कहा गया है।