पिंजरा लगाकर कर रहे गुलदार का इंतजार
बढ़ापुर। ग्राम नूरपुर अरब के समीप गुलदार की लोकेशन के लिए लगाये गए ट्रैप कैमरे और पिंजरे में अब तक कैद नहीं हुआ गुलदार। गुलदार व उसके शावक का कहीं अता पता नही है।
ग्राम नूरपुर अरब में पांच दिन पहले गुलदार ने अपनी मां के पास सो रही एक छह माह की बच्ची को उठा ले गया था। बढ़ापुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार तोमर, वन विभाग के एसडीओ राजीव कुमार व नजीबाबाद वन प्रभाग के डीएफओ डॉ. मनोज कुमार शुक्ला ने बच्ची की तलाश की गई, लेकिन कुछ पता नही चला था। गुलदार के पदचिह्न पर मालूम हुआ कि गुलदार मादा है और उसके साथ उसका शावक भी है। वन विभाग ने गुलदार की लोकेशन ट्रैस करने के लिए घटनास्थल के आसपास संभावित क्षेत्र में तीन ट्रैप कैमरे और दो पिंजरे लगाए लेकिन अब तक गुलदार हाथ नहीं लगा। बढ़ापुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल कुमार का कहना है कि गुलदार की तलाश में वनकर्मी इस क्षेत्र में मुस्तैदी से रात्रि गश्त कर रहे हैं। ट्रैप कैमरे व पिंजरे भी गुलदार की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन घटना के बाद से गुलदार का कहीं कोई अता पता नहीं है।