बिजनौर। जिले की छह ग्राम पंचायतों में प्रधान पद की रिक्त सीटों के लिए उपचुनाव हुआ। जिला पंचायत सदस्य पद की एक और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए दो सीटों पर भी ग्रामीणों ने मतदान किया। सुरक्षा इंतजामों के बीच लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से मतदान किया। मतगणना आठ अगस्त को होगी।
किरतपुर ब्लॉक में जिला पंचायत सदस्य के एक पद के लिए 46.05 फीसदी लोगों ने मतदान किया। वहीं नूरपुर ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक पद के लिए 50.37 प्रतिशत मतदान हु़आ जबकि स्योहारा ब्लॉक के क्षेत्र पंचायत सदस्य के एक पद के लिए 50.8 फीसदी लोगों ने ही मतदान किया। इनके अलावा धामपुर ब्लॉक में मुबारकपुर टप्पा, अलादीनपुर, नहटौर ब्लॉक में मुस्सेपुर पाली, जलीलपुर ब्लॉक में नवादा, स्योहारा में वजीरपुर तथा हल्दौर की ग्राम पंचायत जुड्डी में प्रधान पद के लिए मतदान हुआ।
नहटौर की ग्राम पंचायत मुस्सेपुर पाली के ग्राम प्रधान मुमताज अहमद का आकस्मिक निधन हो गया था। अब उपचुनाव में अरुण चौधरी, मौ.जावेद तथा मुकेश कुमार में टक्कर रही। सुबह से लेकर शाम तक 73.18 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एसडीएम धामपुर रितु रानी, सीओ सर्वम सिंह आदि ने मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।
धामपुर के अल्हैपुर विकास खंड के ग्राम प्रधान पद के लिए ग्राम पंचायत मुबारकपुर टप्पा भारती में 59.78 फीसदी और अलाद्दीनपुर भटपुरा में 69.77 फीसदी मतदान हुआ। उपजिलाधिकारी रितु रानी और पुलिस क्षेत्राधिकारी सर्वम कुमार ने क्षेत्र के मतदान स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निर्वाचन अधिकारी मुन्ना लाल त्रिवेदी ने बताया कि मुबारकरपुर टप्पा भारती में प्रधान पद के लिए तीन और अलाद्दीनपुर भटपुरा में दो प्रत्याशी मैदान में हैं।
- स्योहारा के ग्राम जागीर में प्रधान पद के उप चुनाव में 52 प्रतिशत और ग्राम पिथापुर में बीडीसी पद के उप चुनाव में 51 प्रतिशत मतदान हुआ।
ग्राम जागीर में प्रधान राजेंद्र सिंह की बीमारी के चलते 15 जून को मौत हो गई थी, जिसके बाद से पद रिक्त चल रहा था। उप चुनाव में पूर्व प्रधान के पुत्र मोहित व दीपचंद के बीच मुकाबला हुआ। कुल मतदाता 1651 के सापेक्ष 866 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए आसमा खातून व सलमा खातून के बीच चुनाव हुआ। कुल 1420 मतदाताओं के सापेक्ष 723 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।
- ब्लॉक जलीलपुर की ग्राम पंचायत नवादा में प्रधान पद के उप चुनाव के लिए हुआ मतदान 72 प्रतिशत रहा। चुनाव में केवल दो नामांकन रहने के चलते पूर्व प्रधान निर्मल सिंह के पुत्र राहुल व करन सिंह के बीच सीधा मुकाबला हुआ।
- जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान
किरतपुर। जिला पंचायत सदस्य किरतपुर वार्ड 17 के लिए मंगलवार को मतदान हुआ। जिला पंचायत सदस्य डॉक्टर रमा चौधरी के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। चुनाव अधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि किरतपुर वार्ड 17 के जिला पंचायत सदस्य के उपचुनाव में कुल 46.05 प्रतिशत मतदान हुआ है। चुनाव का गांवों में उत्साह कम ही रहा। सुबह बूथ खाली पड़े रहे। दोपहर बाद ग्रामीणों ने मतदान किया। चुनाव में आजाद समाज पार्टी से समर्थित तेजपाल सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह जिंघाला, पूनम देवी के बीच मुकाबला रहा।