- यूपीएससी परीक्षा 2022 में 126वीं रैंक हासिल की है विश्वजीत ने
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। यूपीएससी परीक्षा 2022 में 126वीं रैंक हासिल करने पर विश्वजीत सौरयान को जगह जगह सम्मानित किया जा रहा है। इसी क्रम में आईटीआई की ओर से विश्वजीत और उनकी मां को सम्मानित किया गया।
शुक्रवार को राजकीय आईटीआई बिजनौर में एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें नोडल प्रधानाचार्य मंजुल मयंक और आईटीआई स्टाफ विश्वजीत सौरयान एवं उनकी माता सुमन लता को सम्मानित किया। बता दें कि सुमनलता आईटीआई बिजनौर में अनुदेशक हैं। प्रधानाचार्य मंजुल मयंक ने कहा कि सुमन लता ने अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने के साथ साथ विषम परिस्थितियों में अपने पुत्र विश्वजीत को आज इस मुकाम पर पहुंचाया। इससे आईटीआई परिवार ही नहीं बल्कि जनपद गौरवान्वित हुआ है। सुमनलता और आईएएस के लिए चयनित उनके बेटे विश्वजीत सौरयान को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया।
विश्वजीत ने अपनी इस सफलता का श्रेय माता सुमन लता, मामा नीरज चौधरी, मामा के मित्र राहुल कृष्ण शर्मा को दिया। कहा कि जीवन में कभी निराश नहीं होना चाहिए अपनी मंजिल को पाने के लिए प्रयास करते रहना चाहिए, मंजिल अवश्य मिलती है। इस अवसर पर राजकीय आईटीआई नगीना के प्रधानाचार्य नंदकिशोर, संभल के प्रधानाचार्य राहुल कृष्ण शर्मा, बागपत के प्रधानाचार्य नीरज कुमार, राकेश शर्मा, ओंकार सिंह, प्रहलाद सिंह, यादराम सिंह, दीपक गुप्ता, चौधरी अबरार हुसैन, राजपाल सिंह, इकबाल हसन आदि मौजूद रहे।