अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। आईएनएस विक्रमादित्य के कमान अधिकारी का पदभार सोमवार को बिजनौर निवासी कप्तान विशाल बिश्नोई ने संभाल लिया। वह विभिन्न सैन्य ऑपरेशनों के साथ ही स्टाफ एवं कमान में सेवाएं दे चुके हैं।
कप्तान विशाल बिश्नोई ने बिजनौर के सेंट मेरी स्कूल और राजकीय इंटर कॉलेज से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उनका चयन राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) खड़कवासला में हो गया। यहां प्रशिक्षण पूरा करने के बाद एक जुलाई 1994 को राजपत्रित अधिकारी के रूप में भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट पद पर कमीशन प्राप्त हुआ। उन्होंने जून 1996 में वायु सेना अकादमी में 159वें पायलट कोर्स में प्रवेश लिया। इस दौरान उन्हें लड़ाकू विमान उड़ाने के लिए चुना गया। उन्होंने असम में लड़ाकू विमान मिग-21 तथा एयरक्राफ्ट कैरियर विराट पर सी हैरीयर लड़ाकू विमान उड़ाए।
बिश्नोई ने सिकंदराबाद स्थित कॉलेज ऑफ एयर वारफेयर से हायर एयर कमांड कोर्स तथा डिफेंस सर्विस स्टाफ कॉलेज वेलिंगटन से 64वां स्टाफ कोर्स पूरा किया है। भारतीय नौसेना पोत विक्रमादित्य की कमान संभालने से पूर्व भी वह कमान अधिकारी के रूप में आईएनएएस-300, आईएनएस घड़ियाल, आईएनएस त्रिकांड एवं आईएनएस डेगा में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।