गांवों में लगेंगे विकास के पंख, सुंदरीकरण का हो रहा खाका तैयार
बिजनौर। ग्राम पंचायत में नई सड़कों का जाल बिछाया जाएगा। यहीं नहीं पंचायतों के सुंदरीकरण का खाका तैयार किया जा रहा है। इसके लिए ग्राम पंचायतों में करोड़ों रुपये से होने वाले विकास कार्यों की अगले वित्तीय वर्ष की कार्य योजना बनाई जाने लगी है। गांवों के विकास का खाका ग्राम सभा की खुली बैठक में तैयार किया जाएगा। उसी में दर्ज कार्य योजना की प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य होंगे।
जनपद में 1123 ग्राम पंचायत हैं। शासन का विकास एजेंडा ग्राम आधारित है। इसके लिए पंचायतों में बड़े पैमाने पर विकास योजना चल रही। योजना के क्रियान्वयन के लिए गांवों की आवश्यकताएं जानी जाती हैं, जिनके आधार पर वित्तीय वर्ष की कार्य योजना बनती है। कार्यों के अनुसार शासन से बजट आवंटित होता है। कार्य योजना में गांवों बनने वाली सड़कों की संख्या, नालों का निर्माण, सड़क की मरम्मत, हैंडपंपों की मरम्मत आदि का कार्य होता है।
डीपीआरओ सतीश कुमार का कहना है कि पंचायतों की विकास संबंधी आवश्यकताओं को जानने के लिए गांव सभाओं की खुली बैठक करने की व्यवस्था है। यदि कहीं प्रक्रिया का पालन नहीं होता है तो खुली बैठक की वैधानिक मान्यता नहीं होती है। ग्रामीण प्रक्रिया का पालन नहीं करने व सुझाव कार्य योजना में शामिल नहीं करने की जानकारी डीपीआरओ कार्यालय को दें।
- हर ग्रामीण दे सकता है विकास प्रस्ताव
ग्राम पंचायत के विकास के लिए होने वाली खुली बैठक में पंचायत कार्यक्षेत्र के गांव में रहने वाला हर व्यक्ति शामिल हो सकता है। साथ ही हर ग्रामीण अपने मोहल्ले में प्राथमिकता से कराए जाने वाले कार्यों की सूची देते हैं। कार्यों को कार्य योजना में शामिल किया जाता है।
-खुली बहस के बाद फाइनल होते हैं कार्य
डीपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि पंचायतों की कार्य योजना तैयार करने के लिए प्रक्रिया गांधी जयंती दो अक्तूबर से शुरू हैं। इसके लिए गांव सभा की दो खुली बैठक करना अनिवार्य है। पहली बैठक में कार्यों को लेकर ग्रामीणों के सुझाव लिए जाते हैं। दूसरी खुली बैठक में चर्चा के बाद कार्यों को फाइनल किया जाता है। इसके बाद पंचायत की कार्य योजना तैयार होती है।
- वेबसाइट पर होती कार्य योजना अपलोड
पंचायत में खुली बैठक में तैयार होने वाली कार्य योजना पंचायत राज विभाग की वेबसाइट पर अपलोड होती है। शासन से मंजूरी के बाद कार्य योजना पर अमल होता है। ग्रामीणों को खुली बैठक की जानकारी देने की जिम्मेदारी पंचायत सचिव की है। इसके लिए क्षेत्र में आने वाले गांवों में डुगडुगी बजाकर मुनादी कराई जाएगी।
- वर्जन
ग्राम पंचायतों में आज से गांव सभा की बैठक शुरू हो गई है। बैठकों में पंचायतों की आगामी वित्तीय वर्ष की कार्य योजना तैयार होंगी। शासन से कार्य योजना निर्धारण की प्रक्रिया तय है। पंचायत राज विभाग ने पंचायतों से प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिए।
-सतीश कुमार, डीपीआरओ