-बारिश में गांव में चल भराव होने से नाराज हुए ग्रामीण
-जलनिकासी की व्यवस्था न होने पर जताई नाराजगी
-मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया
फोटो
कोतवाली देहात। पानीपत खटीमा राजमार्ग पर स्थित ग्राम नूरअलीपुर भगवंत में शनिवार को हुई बारिश से पूरे गांव में जलभराव हो गया। पानी घरों में भर गया। इससे गुस्साएं ग्रामीणों ने पानीपत खटीमा राजमार्ग पर टेंट गाड़ कर धरना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को शांत किया। इस दौरान ग्रामीणों ने निर्माण कार्य के लिए जा रही सामग्री के वाहन सड़क पर ही रोक लिए।
पानीपत खटीमा राजमार्ग पर ग्राम नूर अलीपुर भगवंत में पानी की निकासी न होने के कारण बारिश का पानी गांव की सड़कों पर फैल गया। पानी 3 फीट ऊपर सड़क पर बहने लगा। ग्रामीण रंजीत, संतराम, संजय, मनजीत, ओमपाल सिंह आदि के घरों में भर गया। लल्लू वाल्मीकि का मकान पानी के कारण क्षतिग्रस्त हो गया।
इससे गुस्साए सैकड़ों ग्रामीण ग्राम प्रधान नसीम अहमद के नेतृत्व में पानीपत खटीमा राजमार्ग पर आ गए और जमकर नारेबाजी की। कोतवाली देहात में चल रहे हाईवे निर्माण के लिए जा रहे निर्माण सामग्री के दो ट्रक ग्रामीणों ने नूर अलीपुर भगवंत के बस अड्डे पर रोक लिए। ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंची कोतवाली देहात पुलिस के उप निरीक्षक उपेंद्र सिंह तथा सनोद कुमार ने ग्रामीणों को समझाया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की पानी की निकासी के लिए बना नाला सड़क निर्माण के दौरान टूट गया है। अब कार्यदाई संस्था द्वारा ना तो गांव में नाला बनवाया जा रहा है और न ही पानी निकासी की कोई व्यवस्था की गई है। पानी निकासी न होने के कारण लोगों के घरों में सीलन आ गई है तथा कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जिलाधिकारी तथा उच्चाधिकारियों को अवगत कराए जाने के बावजूद समस्या का कोई समाधान नहीं निकला है।
जेसीबी चलाकर कराई जल निकासी
पुलिस ने मौके पर कार्यदाई संस्था के कर्मचारियों को बुलाया तथा पानी निकासी की व्यवस्था कराने के लिए कहा। इसके बाद जेसीबी मशीन द्वारा रास्ता बनाकर पानी निकासी करने का प्रबंध किया गया। ग्रामीणों ने मांग की कि गांव में नाला बनाया जाए जिससे पानी की निकासी की स्थाई व्यवस्था बन सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नाले का निर्माण नहीं किया गया। तब ग्रामीण बड़ा आंदोलन करेंगे। इस दौरान ओमपाल सिंह, मुन्नी देवी, पुष्पा, सुधा रीना, बबीता, अनिल, रिंकू आदि मौजूद रहे।