शेरकोट। ग्राम नसीरदीवाला निवासी सुमन ने बताया कि रविवार की रात वह अपने बेटे के साथ गांव में ही चिकित्सक के पास दवाई लेने जा रही थी। इसी दौरान गांव स्थित मंदिर के निकट उन्हें गुलदार दिखाई दिया। दोनों भागकर अपने घर वापस आ गए। जानकारी मिलने पर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे गुलदार खेतों की ओर भाग गया। गांव निवासी शुभम चौहान, अंकुर चौहान, नितिन, ओमप्रकाश आदि का कहना है कि इससे पहले भी कई बार आबादी के पास गुलदार देखा गया है। ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़ने के लिए वनविभाग से पिंजरा लगाने की मांग की। रेंजर गोविंद राम गंगवार का कहना है कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं लाया गया है । लेकिन वह फिर भी स्टाफ को गांव में भेज कर गुलदार पर निगरानी रख पकड़वाने का प्रयास करेंगे। संवाद