स्योहारा में ब्लॉक कार्यालय पर धरने पर बैठे प्रधान।
- फोटो : BIJNOR
ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक पर किया प्रदर्शन
स्योहारा। ब्लॉक स्योहारा में पंचायत सचिवों द्वारा प्रधानों की उपेक्षा किए जाने से आहत ग्राम प्रधान संघ के बैनर तले ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक में धरना-प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधानों ने मुख्य गेट पर ताला मारकर ब्लॉक के अधिकारियों व कर्मचारियों को ब्लॉक में बंद कर दिया। बाद में ब्लॉक प्रमुख द्वारा कार्रवाई किए जाने व सचिव द्वारा माफी मांगने पर प्रधानों का धरना समाप्त हुआ।
सोमवार की दोपहर चार बजे ब्लॉक स्योहारा में ग्राम प्रधानों व पंचायत सचिवों की एक सामूहिक बैठक हो रही थी। आरोप है कि पंचायत सचिवों द्वारा कुछ प्रधानों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। प्रधानों का आरोप है कि सचिव प्रधानों के साथ आए दिन उपेक्षा पूर्वक व्यवहार करते हैं, जिससे आहत होकर प्रधान संघ अध्यक्ष दीपक सिसौदिया व प्रदीप विश्नोई के नेतृत्व में ग्राम प्रधान ब्लॉक में ही धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। उस दौरान प्रधानों ने ब्लॉक के मुख्य गेट पर ताला मारकर बीडीओ सचिव तकनीकी सहायक व अन्य ब्लॉक कर्मियों को बंद कर दिया।
सूचना मिलने पर ब्लॉक प्रमुख उज्ज्वल चौहान व खंड विकास अधिकारी रामकुमार मौके पर पहुंच कर ग्राम प्रधानों से वार्ता कर मामला शांत कराया। ब्लॉक प्रमुख ने ग्राम प्रधानों से कहा कि प्रधानों के मान सम्मान में कमी नहीं आने दी जाएगी। पंचायत सचिव आशीष कुमार ने धरना स्थल पर पहुंचकर ग्राम प्रधानों से माफी मांगते हुए भविष्य में पुनरावृत्ति न होने की बात कही। इसके बाद धरना समाप्त हुआ। इस मौके पर ग्राम प्रधान कपिल कुमार, अंकज चौधरी, शिवकुमार सिंह, संजय कुमार, इंतजार अहमद, कपिल चौधरी, वीरेन्द्र सिंह, प्रदीप विश्नोई, नेपाल सिंह, मोहम्मद यामीन, गौतम कुमार आदि मौजूद रहे।