- ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद बिजली पानी को तरसे ग्रामीण
बिजनौर, स्योहारा। ग्राम फैजुल्लापुर में स्थित ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीण बिजली पानी को तरस गये। दो दिन बीत जाने के बाद भी बिजली विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से ग्रामीणों में आक्रोश पनप रहा है।
बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे ग्राम फैजुल्लापुर में स्थित 66 केवी का ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो गया जिसकी जानकारी ग्रामीणों ने तुरंत बिजली विभाग को दी। दो दिन बीतने के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया। उधर, ग्रामीण बिजली पानी को तरस रहे हैं। ग्रामीणों अविनाश कुमार, अनुराग कुमार, नितिन कुमार, धर्मेंद्र कुमार, गुड्डू, असलम अहमद, जय प्रकाश, अमित कुमार आदि का कहना है कि बार बार फोन करने के बाद भी बिजलीघर पर तैनात अधिकारी व कर्मचारी फोन रिसीव नहीं करते है।
राज्य सरकार का आदेश है कि ट्रांसफार्मर खराब होने के 24 घंटे के अंदर बदलना चाहिए मगर स्योहारा बिजलीघर अधिकारियों के लिए मुख्यमंत्री का आदेश भी कोई मायने नहीं रखता है।
- ट्रांसफार्मर खराब होने व दूसरे ट्रांसफार्मर रखवाए जाने का स्टीमेट व रिपोर्ट बना कर धामपुर कार्यशाला में भेज दी गई है। शीघ्र ही दूसरा ट्रांसफार्मर रखवा दिया जाएगा। - प्रेम सिंह, एसडीओ बिजलीघर स्योहारा।