- जिले को मिला रजनीगंधा का पांच एकड़ का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जनपद की धरती रजनीगंधा फूलों की सुगंध से महकेगा। बाजार में रजनीगंधा के फूलों की अच्छी मांग होने से किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा। जनपद में रजनीगंधा खेती कराने के लिए उद्यान विभाग को पांच एकड़ का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।
समय पर गन्ना मूल्य भुगतान नहीं मिलने से किसान अन्य फसलों की ओर बढ़ने लगा है। जनपद में करीब 160 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फूलों की खेती हो रही है। इसमें गेंदा, लिलीयम, जरवेरा, गुलाब, ग्लेडियोलस आदि फूलों का जनपद में उत्पादन हो रहा है। इस बार उद्यान विभाग की ओर से रजनीगंधा फूलों का पांच एकड़ के क्षेत्रफल का लक्ष्य मिला है। उद्यान विभाग खेेती करने के लिए किसानों को प्रेरित कर रहा है। रजनीगंधा के फूल लंबे समय तक सही रहने, सजावट, परफ्यूम आदि कई पदार्थों में प्रयोग होने से इसकी बाजार में अच्छी मांग है। अधिकारियों का कहना है फरवरी माह इसकी बुवाई के लिए अच्छा समय है। बल्बों को बोएं और नुकीले सिरों को ऊपर की ओर रखें।
बल्ब दिलाने व बाजार उपलब्ध कराने में मदद करेगा विभाग
जिला उद्यान अधिकारी जितेंद्र कुमार का कहना है फूलों की खेती के लिए किसानों को लगातार प्रेरित किया जा रहा है। रजनीगंधा फूल की बुवाई के लिए किसानों को बल्ब उपलब्ध कराने व बाजार उपलब्ध कराने में मदद की जाएगी।
बोले अधिकारी -
रजनीगंधा फूल की फसल के लिए पांच एकड़ का लक्ष्य विभाग को मिला है। विभाग की ओर से फूलों की खेती करने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। रजनीगंधा फूल की बाजार में अच्छी मांग है। -जितेंद्र कुमार, जिला उद्यान विभाग