नहटौर। गांव कासमपुर लेखराज निवासी जीवन कुमार पुत्र साधूराम सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि सोमवार की रात करीब नौ बजे वह छोटा हाथी वाहन बुक करके अपने गांव से सब्जी लेकर देहरादून लेकर जा रहा था। रोडवेज बस स्टैंड के पास शुभम पुत्र बाबूराम निवासी ग्राम मुकर्रमपुर ने नजीबाबाद जाने के बात कहते हुए उसके वाहन को रुकवा लिया। शुभम, उसके साथी बंटी व निगम निवासी मुकर्रमपुर और अंकुल व भीम निवासी ग्राम मंडोरा विप ड्राइवर केबिन में बैठने की जिद करने लगे। उसने उन्हें वहां बैठाने से मना कर दिया। इससे आक्रोशित होकर आरोपियों ने उसे मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। आसपास के लोगों ने उसे बचाया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।